![](https://navbharattimes.indiatimes.com/photo/87384047/photo-87384047.jpg)
शाहरुख खान () के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) को क्रूज ड्रग्स केस (Cruise drugs case) में आज करीब 27 दिन बाद रिहाई मिलेगी। बताया जा रहा है कि आर्यन की रिहाई सुबह 9 से 12 बजे के बीच होगी। जेल के बाहर सुरक्षा बंदोबस्त और भी कड़े कर दिए गए हैं। बैरीकेडिंग भी कर दी गई है। वहीं आर्यन के पिता शाहरुख खान भी अपने गाड़ियों के काफिले के साथ सुबह 8 बजे ही आर्थर रोड जेल के लिए निकल गए थे। उधर, बेल ऑर्डर की (Aryan Khan bail order) कॉपी आर्थर रोड जेल पहुंच चुकी है। आर्यन की रिहाई की सारी औपचारिकताएं भी पूरी हो चुकी हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 3:30 बजे बेल ऑर्डर की कॉपी आने के बाद सेशंस कोर्ट ने रिलीज ऑर्डर भी जारी कर दिया था। लेकिन समय रहते कागज आर्थर रोड जेल नहीं पहुंच पाए। इस कारण शुक्रवार को आर्यन की रिहाई नहीं हो पाई थी। एएनआई के ट्वीट के मुताबिक, जेल अधिकारियों ने आज सुबह 5:30 बजे आर्थर रोड जेल की जमानत पेटी खोली और उसमें रखे बेल ऑर्डर की कॉपी निकाली। अबसे कुछ ही देर में आर्यन को रिहा कर दिया जाएगा। आर्यन को 1 लाख रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी गई है। ऐक्ट्रेस जूही चावला, आर्यन की जमानती बनी हैं। आर्यन को गुरुवार (28 अक्टूबर) को बॉम्बे हाई कोर्ट ने जमानत दे दी थी। जमानत के लिए जस्टिस नितिन सांब्रे की अदालत ने ऑपरेटिव ऑर्डर दिया था। चूंकि बेल ऑर्डर की कॉपी शुक्रवार को आनी थी, इसलिए आर्यन को गुरुवार की रात भी जेल में ही बितानी पड़ी। वहीं शुक्रवार को कोर्ट से बेल ऑर्डर की कॉपी जारी होने के बावजूद आर्यन की रिहाई नहीं हो पाई। ऑर्डर की कॉपी दोपहर करीब 3:30 बजे मिली, लेकिन यह शाम 5:30 बजे तक भी आर्थर रोड जेल नहीं पहुंच पाई। इस कारण शुक्रवार को भी आर्यन की रिहाई टल गई। जेल के नियम के मुताबिक, रिलीज ऑर्डर की कॉपी को शाम 5:30 बजे तक जेल के बाहर बने बॉक्स या जमानत पेटी में डाला जाता है, पर शुक्रवार को इसमें देरी हो गई। 13 शर्तों के साथ मिली जमानत हाई कोर्ट ने आर्यन खान समेत अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को जमानत तो दी, पर साथ में 13 शर्तें भी लगा दीं। अगर ये शर्तं नहीं मानीं तो जमानत रद्द भी हो सकती है। इनमें से कुछ शर्तें हैं- आर्यन खान को 11 से 2 बजे के बीच हर शुक्रवार को एनसीबी दफ्तर में हाजिरी लगानी होगी। वह कोर्ट की इजाजत के बिना देश से बाहर नही जा सकते। वह दूसरे आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश नहीं कर सकते। इसके अलावा एनसीबी जब बुलाएगी पेश होना होगा। एनडीपीएस कोर्ट में पासपोर्ट सरेंडर करना होगा। कोर्ट की कार्यवाही पर कोई बयानबाजी नहीं होगी। पढ़ें: आर्यन के स्वागत के लिए 'मन्नत' तैयार उधर आर्यन खान के स्वागत के लिए 'मन्नत' को रोशनी से जगमग कर दिया गया है। दिवाली पर पूरे 'मन्नत' को लाइटों और दीया से रोशन किया गया है। मां गौरी खान, बहन सुहाना और भाई अबराम पलकें बिछाएं आर्यन के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। आर्यन पूरे 27 दिन परिवार से दूर रहे हैं और ऐसे में परिवार अपने चिराग की घर वापसी के जश्न में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहता।
from Entertainment News in Hindi, Latest Bollywood Movies News, मनोरंजन न्यूज़, बॉलीवुड मूवी न्यूज़ | Navbharat Times https://ift.tt/3mqgRgJ
0 Comments