![](https://navbharattimes.indiatimes.com/photo/87462704/photo-87462704.jpg)
पद्मिनी कोल्हारे (Padmini Kolhapure) 1 नवंबर को अपना 56वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं और इस मौके पर उनकी फिल्म 'प्रेम रोग' का पॉप्युलर गाना 'ये गलियां ये चौबारा' (Ye galiyan ye chaubara) एक बार फिर चर्चा में है। राज कपूर की 'प्रेम रोग' (prem rog ) का यह गाना काफी पॉप्युलर रहा है जिसमें पद्मिनी कोल्हापुरे और ऋषि कपूर की जोड़ी साथ नजर आई थी। अब इसी गाने को एक बार फिर से रीक्रिएट किया गया है जिसे पद्मिनी कोल्हापुरे खुद अपनी आवाज में गाती दिख रही हैं। सारेगामा और धमाका रिकॉर्ड्स ने पद्मिनी कोल्हापुरे के जन्मदिन पर एक वीडियो जारी किया है। श्रद्धा कपूर ने अपना मौसी यानी पद्मिनी कोल्हापुरे के इसी गाने की एक झलक शेयर की है, जिसमें पद्मिनी अपनी सुरीली आवाज़ में इस गाने को गाती सुनाई दे रही हैं। याद दिला दें कि 'ये गलियां ये चौबारा' गाने को फिल्म में लता मंगेशकर ने गाया था। बता दें कि पद्मिनी ने अपने बेटे प्रियांक की कंपनी धमाका रेकॉर्ड्स के लिए यह गाना रेकॉर्ड किया है। इस वीडियो में न केवल पद्मिनी ने आवाज दी है बल्कि वह इसमें नजर भी आ रही हैं। श्रद्धा कपूर ने इसी गाने का एक मोशन पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, 'मेरी खूबसूरत मासी और उनकी मीठी आवाज़!!! काफी उत्साहित हूं। जल्द आ रहा है।' इस मोशन पोस्टर में पद्मिनी कोल्हापुरे एक बच्ची का हाथ पकड़ी नजर आ रही हैं, जो अगली तस्वीर में एक दुल्हन के अवतार में दिख रही हैं। पद्मिनी के इस पोस्टर को देखकर ऐसा लग रहा है कि इस वीडियो में मां-बेटी की कहानी है।
from Entertainment News in Hindi, Latest Bollywood Movies News, मनोरंजन न्यूज़, बॉलीवुड मूवी न्यूज़ | Navbharat Times https://ift.tt/2ZEoLdN
0 Comments